
नारायणपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत रोटी, कपड़ा और मकान जीवन की तीन सबसे अहम आवश्यकताएँ हैं, जिनकी पूर्ति के लिए हर व्यक्ति लगातार प्रयास करता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में, जहाँ आजीविका के सीमित संसाधन होते हैं, लोग अपने परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में यदि इन्हीं आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकारी सहायता मिल जाए, तो जीवन के बड़े कष्टों से छुटकारा पाया जा सकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने ऐसे ही परिवारों के घर के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नारायणपुर जिले में इस योजना के तहत मिले आर्थिक सहयोग से कई परिवारों के जीवन में नई रोशनी आई है। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने अपने नए पक्के घरों का गृह प्रवेश कर पूजा-अनुष्ठान के साथ इसे शुभारंभ किया है। वहीं, जिन परिवारों को नए आवास की स्वीकृति मिली है, वे भूमि पूजन कर अपनी खुशियों का जश्न मना रहे हैं। इस योजना ने न केवल आशियाने दिए हैं, बल्कि इन घरों में उम्मीद और खुशहाली की नई किरणें भी बिखेरी हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत वर्ष 2024-26 मे जिले में लगभग 6000 हितग्राहियों को स्वीकृत प्रदान की गई है जिनमे चार हजार हितग्राहियों को प्रथम किस्त प्रदान किया है और 1650 हितग्राहियों का आवास पूर्ण कराया जा चुका है एवं शेष आवासों का कार्य प्रगतिरत है।
विशेष परियोजना अंतर्गत स्वीकृत
स्पेशल प्रोजेक्ट अंतर्गत आत्म समर्पित एवं नक्सल पीड़ित हितग्राहियों का सर्वे प्रगतिरत है। वर्तमान में कुल लक्ष्य के विरुद्ध 649 हितग्राहियों को आवास की स्वीकृत प्रदान की गई जिसमे 410 हितग्राहियों को प्रथम किस्त की राशि जारी की है है एवं 13 आवासों को पूर्ण किया गया है।
विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए आवास
प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाअभियान योजना के तहत जिले के सुदूर क्षेत्र में रहने वाली विशेष पिछड़ी जनजाति अबूझमड़िया समुदाय के पात्र परिवारों को सर्वेक्षण किया जा रहा है। जिले में अभी तक कुल 4892 परिवारों का सर्वेक्षण पूर्ण कर सर्वेक्षण के आधार पर 2390 आवासों की स्वीकृति प्रदाय की गई है, जिनमे से 315 आवास पूर्ण किए जा चुके है, साथ ही छूटे हए पात्र हितग्राहियों का सर्वे किया जा रहा है।
पी एम जनमन आवास योजना, सपनों का घर, खुशियों का प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत ग्रामीणों को नया मकान मिलना उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बन गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली आर्थिक सहायता के कारण ग्रामीण अपने पक्के मकानों का निर्माण कर रहे हैं, आवासों में लोग गृह प्रवेश कर अपनी खुशियाँ मना रहे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से न केवल आर्थिक सहायता प्रदान की है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी बड़ा बदलाव लाया है, जिससे वे अपने भविष्य के प्रति आश्वस्त और सशक्त महसूस कर रहे हैं।






