30 नवंबर तक टेंडर निरस्त नहीं हुआ तो 01 दिसंबर को एक दिवसीय चक्काजाम और 16 दिसंबर से संपूर्ण खदान बंद करने की चेतावनी
रावघाट (कांकेर/नारायणपुर):
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की महत्वपूर्ण रावघाट लौह अयस्क परियोजना में आगामी 24 महीनों के लिए जारी किए गए नए परिवहन टेंडर को लेकर स्थानीय आदिवासी और ग्रामीण वाहन मालिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। *‘बूढ़ादेव अंजरेल माइंस श्रमिक विकास समिति’* और *‘राजाराव ग्राम माइंस श्रमिक विकास समिति’* ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित कर इस नए टेंडर को स्थानीय ग्रामीणों के लिए *”आर्थिक आत्महत्या”* करार दिया है और इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
₹733 के टेंडर में हाथ आएंगे लगभग ₹600, हर महीने ₹1 लाख से अधिक का सीधा घाटा
समितियों के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में चल रहे ‘इमरजेंसी टेंडर’ (अवधि समाप्ति: 15 दिसंबर 2026) के तहत ₹707 प्रति टन की दर मिल रही है। डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स, इंश्योरेंस, ड्राइवर वेतन और बैंक लोन की भारी किस्तों के कारण वर्तमान दर पर भी प्रत्येक वाहन मालिक को हर महीने ₹1,02,873.50 का सीधा घाटा हो रहा है।
अब अगले 2 साल के लिए रायपुर की कंपनी *M/s Jai Ambey Industries Pvt. Ltd.* को ₹733 प्रति टन की दर पर L1 (न्यूनतम बोलीदाता) घोषित किया गया है। कागजों पर यह दर ₹26 अधिक दिखती है, लेकिन कंपनी स्वयं के कमीशन, टैक्स और अन्य समस्त कटौतियों के बाद स्थानीय वाहन मालिकों के हाथ में लगभग ₹600 प्रति टन ही आने की संभावना है, जो वर्तमान दर (₹707) से भी करीब ₹107 कम है। स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जमीन गिरवी रखकर और लाखों का कर्ज लेकर गाड़ियां खरीदी हैं; ऐसे में ₹600 प्रति टन की दर पर गाड़ी चलाना असंभव है।

प्रमुख मांगें:
(1)- टेंडर निरस्तीकरण:- ₹733 प्रति टन वाला अव्यावहारिक टेंडर तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
(2)- शुद्ध ₹910 प्रति टन की दर:- आगामी 15 दिसंबर 2026 तक ऐसी शर्तों के साथ नया टेंडर जारी किया जाए, जिससे समस्त कटौतियों के बाद स्थानीय वाहन मालिकों को शुद्ध ₹910 प्रति टन मिल सके।
(3)- बाहरी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध:- स्थानीय समितियों की लिखित सहमति के बिना किसी भी बाहरी ठेकेदार के वाहन या मशीनों को क्षेत्र में प्रवेश न दिया जाए। यदि जबरन बाहरी वाहन लाए गए और कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी BSP प्रबंधन, प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।
दो चरणों में उग्र आंदोलन की चेतावनी
समितियों ने बताया कि मुख्य महाप्रबंधक (CGM), रावघाट परियोजना को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया गया है। यदि प्रबंधन 30 नवंबर तक सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा !
पहला चरण (01 दिसंबर 2026): 30 नवंबर तक टेंडर निरस्त न होने और लिखित सहमति न बनने पर 01 दिसंबर से केसीसीएल (KCCL) के सभी कार्यों को अनिश्चितकाल के लिए बंद किया जाएगा और स्टेट हाईवे पर चक्काजाम किया जाएगा।
दूसरा चरण (16 दिसंबर 2026): यदि 15 दिसंबर तक शुद्ध ₹910 प्रति टन की दर से नया टेंडर जारी नहीं हुआ, तो 16 दिसंबर से रावघाट खदान का संपूर्ण कार्य (उत्खनन और परिवहन दोनों) अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
सड़क के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और NGT में भी लड़ेंगे आर-पार की लड़ाई-
समितियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध केवल सड़क तक सीमित नहीं रहेगा। रावघाट परियोजना पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में स्थित है, जहां पेसा (PESA) कानून और ग्राम सभा की सहमति सर्वोपरि है। शुरुआत में स्थानीय रोजगार और पर्यावरण नियमों के पालन की शर्त पर खदान की स्वीकृति मिली थी, जिनका खुला उल्लंघन हो रहा है।
यदि ग्रामीणों के हितों की अनदेखी की गई, तो दोनों समितियां वरिष्ठ अधिवक्ताओं के माध्यम से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT), माननीय हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में पहले से लंबित मामलों में औपचारिक रूप से हस्तक्षेप याचिका दायर कर पक्षकार बनेंगी और खदान की लीज व पर्यावरणीय स्वीकृति (EC) रद्द करवाने के लिए निर्णायक कानूनी लड़ाई लड़ेंगी।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
इस संयुक्त प्रेस वार्ता में अध्यक्ष संतु राम उसेंडी, सचिव रामकुमार कुमेटी, कोषाध्यक्ष पारेश्वर दुग्गा, परिवहन अध्यक्ष लखन सिंह नुरेटी, परिवहन उपाध्यक्ष लखन लाल उसेंडी सहित रामसाय दुग्गा,जिला पंचायत सदस्य कमलेश्वरी नाग,संजीत कर्मकार, अंकालु दुग्गा, हेमू दुग्गा, दिगम्बर आमडे, नरसिंह मंडावी ,आशीष दुग्गा, हरिकृष्ण गार्डी और ठनेश चंदेल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





