बीएलओ कर रहे घर-घर सत्यापन, छूटे हुए एवं नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया जारी

नारायणपुर, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता जैन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान त्रुटिवश छूटे हुए मतदाताओं तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके एवं आगामी 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवयुवक-नवयुवतियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीयन से वंचित न रहे।
विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नारायणपुर जिले के सभी 130 मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षित बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जा रही है, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं। ऐसे नागरिकों से निर्धारित प्रारूप-6 (फॉर्म-6) भरवाकर नियमानुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से युवा मतदाताओं के पंजीयन पर ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे नवयुवक एवं नवयुवतियां, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। इसके साथ ही पूर्व में पंजीयन से छूटे हुए अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
शैक्षणिक संस्थानों में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
विशेष अभियान के तहत जिले के सभी हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
जिले में 85 हजार 718 मतदाता पंजीकृत
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 की स्थिति में नारायणपुर जिले के अंतर्गत स्थित 130 मतदान केंद्रों में कुल 85 हजार 718 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 84, नारायणपुर के अंतर्गत कुल 275 मतदान केंद्रों में 1 लाख 86 हजार 78 मतदाता पंजीकृत हैं। विशेष अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
जिलेवासियों से विशेष अभियान में सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित इस विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। नागरिक अपने परिवार एवं आसपास के ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करें, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं तथा उन्हें संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर फॉर्म-6 भरने में सहयोग करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता पंजीयन के लिए प्रेरित करें, ताकि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जा सकें।





