नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी, नागरिकों को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
नारायणपुर, कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं नशामुक्ति केंद्र के समन्वय से नारायणपुर के बसरूपारा साप्ताहिक बाजार में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को धूम्रपान एवं नशापान से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।

कार्यक्रम के दौरान बाजार में उपस्थित नागरिकों को धूम्रपान एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही नशामुक्ति केंद्र की सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पाम्पलेट वितरित किए गए, ताकि जरूरतमंद लोगों को नशे की लत से बाहर निकलने के लिए उचित मार्गदर्शन एवं सहायता मिल सके। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।





